अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को शाम 7 बजे से होगी। इस दिन प्रदेश के करीब 18 हजार बूथों पर लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीप जलाया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले प्रमुख स्थानों पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। भाजपा का प्रयास है कि इस कार्यक्रम के जरिए लाभार्थियों और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद को मजबूत किया जाए और सरकार की योजनाओं से जुड़े लोगों तक संगठन की पहुंच बढ़ाई जाए।
अभियान के दौरान सरकारी और निजी स्कूलों में मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों के लिए चित्रकला ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। विकसित भारत की संकल्पना को लेकर स्कूल स्तर से लेकर ब्लॉक और जिला स्तर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें विद्यार्थियों को भविष्य के भारत को लेकर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा नमो सेवा अनकही कहानी नाम से भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों पर आधारित 10 से 15 मिनट की नाट्य प्रस्तुतियां तैयार की जाएंगी। इनका मंचन चौक चौराहों और विभिन्न संस्थानों में किया जाएगा। अभियान के दौरान 2 अक्टूबर को भी विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है।
महिलाओं और बच्चों तक पहुंच बनाने के लिए आंगन मिलन कार्यक्रम भी अभियान का अहम हिस्सा रहेगा। प्रदेश की 97 हजार से ज्यादा आंगनवाड़ियों में तीन दिन तक कार्यक्रम होंगे। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया जाएगा। बच्चों और माताओं के साथ पोषण स्वास्थ्य तथा महिलाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। इसके जरिए सरकार की योजनाओं और समाज के अंतिम वर्ग के बीच संवाद को मजबूत करने पर जोर रहेगा।
भाजपा प्रदेश के करीब 11 हजार 400 शक्ति केंद्रों पर सेवा की कहानी कार्यक्रम भी आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों में छोटी झांकियों और प्रस्तुतियों के जरिए देश में हुए बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के साथ केंद्र सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल में हुए बदलावों को भी इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के सामने रखा जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान शासन और समाज के मिलकर काम करने की भावना पर आधारित है। पार्टी का फोकस सेवा गतिविधियों के साथ सरकार की योजनाओं और उनके प्रभाव को जनता तक पहुंचाने पर रहेगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में बूथ से लेकर आंगनवाड़ी और शक्ति केंद्र तक अलग अलग स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में सितंबर और अक्टूबर के दौरान मध्य प्रदेश में भाजपा का यह अभियान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ व्यापक जनसंपर्क अभियान के रूप में भी नजर आएगा।
