(डॉ.एल.एन.वैष्णव)
दमोह, 23 जून। दमोह जिले सहित बुंदेलखंड और महाकौशल अंचल के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित सौगात सामने आई है। क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए रेल मंत्रालय ने 22407/22408 हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर एक्सप्रेस की आवृत्ति बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब यह महत्वपूर्ण ट्रेन सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन संचालित होगी, जिससे दमोह सहित आसपास के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस उपलब्धि का श्रेय दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी के लगातार प्रयासों और रेल मंत्रालय के समक्ष प्रभावी पैरवी को दिया जा रहा है। सांसद ने क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कई बार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष इस मांग को रखा था। लगातार पत्राचार, बैठकों और फॉलोअप के बाद आखिरकार रेल मंत्रालय ने इस महत्वपूर्ण मांग को मंजूरी प्रदान कर दी।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
दमोह रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली, भोपाल, जबलपुर, बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा करते हैं। हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर एक्सप्रेस क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण ट्रेनों में से एक मानी जाती है, लेकिन सप्ताह में केवल एक दिन चलने के कारण यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने में भारी परेशानी होती थी। अक्सर यात्रियों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ता था। ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से अब यात्रियों को यात्रा की बेहतर योजना बनाने का अवसर मिलेगा और टिकटों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।
व्यापार, शिक्षा और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों का मानना है कि इस निर्णय का असर केवल यात्री सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलेगी। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अध्ययनरत विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा नौकरीपेशा लोगों को इस ट्रेन से विशेष लाभ मिलेगा।
दमोह और आसपास के व्यापारी वर्ग ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका मानना है कि दिल्ली और छत्तीसगढ़ के बीच व्यापारिक आवागमन आसान होने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
दमोह के यात्रियों को मिलेगी आरामदायक यात्रा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 22408 हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर एक्सप्रेस रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से रवाना होकर अगले दिन सुबह लगभग 9:38 बजे दमोह पहुंचेगी। वहीं 22407 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस शाम 4:58 बजे दमोह स्टेशन पहुंचेगी और अगले दिन तड़के लगभग 4:25 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। यह समय-सारणी विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए लाभदायक मानी जा रही है जो व्यापारिक, शैक्षणिक अथवा व्यक्तिगत कार्यों से दिल्ली की यात्रा करते हैं।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ट्रेन
इस एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए पैंट्री कार की व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा के दौरान भोजन संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। ट्रेन में चार सामान्य श्रेणी के कोच, छह स्लीपर कोच तथा एसी फर्स्ट, सेकंड और थर्ड श्रेणी के कुल नौ वातानुकूलित कोच लगाए गए हैं।रेलवे यात्रियों का मानना है कि यह ट्रेन आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का बेहतर विकल्प बन चुकी है।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने जताया आभार
इस महत्वपूर्ण निर्णय पर सांसद राहुल सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार आम जनता की जरूरतों और जनभावनाओं के अनुरूप लगातार फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि दमोह और आसपास के क्षेत्रों के विकास तथा बेहतर रेल सुविधाओं के लिए उनके प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे।सांसद ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपनी आवाज बनाकर संसद भेजा है, उसी विश्वास के अनुरूप वे लगातार विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रयासरत हैं।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
रेल मंत्रालय की मंजूरी के बाद दमोह जिले में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, छात्र संगठनों और आम नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए सांसद राहुल सिंह लोधी का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से न केवल यात्रा आसान होगी बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।यह निर्णय दमोह जिले के रेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिसका लाभ आने वाले वर्षों में लाखों यात्रियों को मिलेगा।
