पेसा मोबिलाइजर्स बहनों ने मुख्यमंत्री को बांधी राखी, रोजगार और पुनर्नियुक्ति की मांग पर मिला सकारात्मक आश्वासन
भोपाल। पेसा मोबिलाइजर्स के रोजगार और उनकी समस्याओं को लेकर मध्यप्रदेश सरकार संवेदनशील है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में मंडला, डिंडौरी सहित विभिन्न जिलों से पहुंचीं पेसा मोबिलाइजर्स बहनों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या के समाधान के लिए सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है और जल्द ही कोई सकारात्मक रास्ता निकाला जाएगा।
मुख्यमंत्री निवास पहुंचीं पेसा मोबिलाइजर्स बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को राखी बांधकर अपना स्नेह और अपनत्व व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को रूमाल ओढ़ाया, फूल-श्रीफल भेंट किया और मिठाई खिलाई। इस दौरान बहनों ने मुख्यमंत्री से पेसा मोबिलाइजर के पद पर पुनः नियुक्ति दिए जाने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेसा कानून के तहत संचालित पेसा मोबिलाइजर योजना केंद्र सरकार की योजना थी, जिसे केंद्र सरकार द्वारा बंद किया गया है। हालांकि मध्यप्रदेश सरकार पेसा मोबिलाइजर्स के प्रति पूरी संवेदना और सद्भावना रखती है। उनकी रोजगार संबंधी समस्या के समाधान के लिए प्रदेश सरकार की ओर से केंद्र सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय को पत्र भी भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग और वित्त विभाग मिलकर पेसा मोबिलाइजर्स की स्थिति और उनकी बेहतरी को लेकर विचार कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि जल्द से जल्द कोई सकारात्मक समाधान सामने आए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बहनों से लाड़ली बहना योजना की राशि मिलने के संबंध में भी जानकारी ली। बहनों के हां कहने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
राखी बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी बहनों को राखी के नेग के रूप में अपनी ओर से स्नेह राशि भी प्रदान की तथा उनका मुख्यमंत्री निवास में स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय नीरज मंडलोई, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संचालक जनसम्पर्क अरविंद दुबे, भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी, पेसा मोबिलाइजर्स संघ के अध्यक्ष उपेंद्र कुमार कोड़ापे सहित पेसा मोबिलाइजर्स बहनें एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
