दमोह, 07 अप्रैल 2026। बढ़ती गर्मी के बीच यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दमोह रेलवे स्टेशन पर सेवा का सराहनीय कार्य शुरू किया गया। प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री एवं वर्तमान दमोह विधायक जयंत मलैया ने जीवनमुक्त सतगुरु बाबा ईश्वरशाह साहिब जी की प्रेरणा से मंगलवार को ‘हरे माधव’ निशुल्क प्याऊ का शुभारम्भ किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल को जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।कार्यक्रम में विधायक मलैया ने कहा कि गर्मी के मौसम में यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। समाज के सहयोग से किए जा रहे ऐसे सेवा कार्य मानवता की मिसाल होते हैं और जरूरतमंदों को राहत प्रदान करते हैं। उन्होंने समिति के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि “मानव सेवा ही सच्चा धर्म है” की भावना से किया जा रहा यह प्रयास समाज को प्रेरित करता है।
22 वर्षों से जारी है सेवा कार्य
‘हरे माधव परमार्थ सत्संग समिति’ द्वारा यह सेवा पिछले 22 वर्षों से निरंतर संचालित की जा रही है। समिति के कार्यकर्ता हर वर्ष गर्मी के मौसम में दमोह रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निशुल्क पानी उपलब्ध कराते हैं। इस दौरान दूर-दराज से आने वाले यात्रियों, श्रमिकों एवं आम नागरिकों को विशेष राहत मिलती है।समिति के सदस्यों ने बताया कि सेवा कार्य का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि गर्मी के मौसम में किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। समिति द्वारा पूरी व्यवस्था स्वयंसेवकों के माध्यम से संचालित की जाती है।
जनसेवा की परंपरा को मिला बल
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल को जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने वाला बताया। रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त स्थान पर निशुल्क प्याऊ शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी बल मिलेगा।विधायक मलैया ने कहा कि ऐसे कार्य समाज के सहयोग से ही संभव होते हैं और इससे जरूरतमंदों को सीधे लाभ मिलता है। उन्होंने लोगों से भी सेवा कार्यों में सहभागिता बढ़ाने की अपील की।गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में यात्रियों को पेयजल की आवश्यकता बढ़ जाती है। ऐसे में ‘हरे माधव’ निशुल्क प्याऊ का शुभारम्भ यात्रियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है, जो सेवा, सहयोग और मानवता के संदेश को मजबूत करता है।
