दमोह/बांदकपुर। सोमवार और आषाढ़ माह की पूर्णिमा के पावन संयोग पर श्री जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह मंदिर के पट खुलते ही हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए।
पूर्णिमा के अवसर पर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बांदकपुर धाम पहुंचे। दोपहर तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और दर्शन का क्रम लगातार जारी रहा।
दोपहर तक 30 से 40 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन मंदिर प्रबंधन के अनुसार दोपहर तक लगभग 30 से 40 हजार श्रद्धालु भगवान जागेश्वरनाथ के दर्शन कर चुके थे। अनुमान है कि शाम तक यह संख्या 50 हजार से अधिक पहुंच सकती है। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित हर आयु वर्ग के श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं बांदकपुर मंदिर समिति के ट्रस्टी प्रबंधक रामकृपाल पाठक के निर्देशन में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, छायादार विश्राम स्थल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई, ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसडीओपी प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, बांदकपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा एवं अतिरिक्त पुलिस बल मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तैनात रहा। पुलिस द्वारा भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा धाम पूर्णिमा और सोमवार के शुभ संयोग पर श्री जागेश्वरनाथ धाम पूरे दिन भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
