अस्पताल चौराहे पर ट्रक की चपेट में आई बच्ची, मुआवजे और भारी वाहनों पर रोक की उठी मांग
दमोह/सोमवार (29 जून) सुबह सिटी कोतवाली क्षेत्र के अस्पताल चौराहे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची जैसमीन, पिता कैलाश वंशकार, निवासी मानस भवन, दमोह की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।घटना के विरोध में परिजनों ने अस्पताल चौराहे स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के पास चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश लगातार हो रहा है, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने मृत बच्ची के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।

सूचना मिलते ही तहसीलदार रॉबिन जैन, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, सब इंस्पेक्टर वंदना गौर, डॉ. ए.पी. जैन, डॉ. अभिजीत सहित पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी और नियमानुसार कार्रवाई के साथ शासन से मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। संबंधित वाहन और चालक के संबंध में भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भारी वाहनों की आवाजाही पर फिर उठे सवाल इस हादसे के बाद शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र में ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर कई बार शिकायतें और मांगें की गईं, लेकिन अब तक स्थायी और प्रभावी व्यवस्था नहीं हो सकी है। लोगों का मानना है कि यदि यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और भारी वाहनों के प्रवेश पर नियमानुसार नियंत्रण रखा जाए, तो ऐसी दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सकती है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
