दमोह। जिले में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने स्पष्ट किया है कि जिले में सभी आवश्यक ईंधन और रसोई गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तथा आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और अनावश्यक खरीदारी या भंडारण से बचें।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी करें। पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अफवाहों के कारण अनावश्यक भीड़ और घबराहट का माहौल बनता है, जिससे आम नागरिकों को असुविधा होती है।

प्रशासन ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि डीजल-पेट्रोल या रसोई गैस का अवैध भंडारण करने, कालाबाजारी करने या सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में करना भी नियमों के विरुद्ध है। यदि इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित लोगों पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण और निगरानी की जा रही है तथा किसी भी स्तर पर अव्यवस्था या कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आवश्यकतानुसार ही ईंधन लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें।
ज्ञात हो कि अफवाहों के चलते जिले के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ देखी गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
