दमोह (म.प्र.)। जनपद पंचायत पथरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत सुहाव में ग्रामीण विकास को नई दिशा देते हुए माइसेम सीमेंट कंपनी द्वारा सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है। ग्राम पंचायत के विशेष अनुरोध पर किए गए इस जनहितैषी कार्य से गांव में सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक स्थायी सुविधा उपलब्ध हो गई है।
निर्मित सामुदायिक भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक तरीके से पूरा किया गया है। भवन में विद्युत व्यवस्था के तहत आवश्यक इलेक्ट्रिक फिटिंग लगाई गई हैं, वहीं पेयजल सुविधा के लिए पाइपलाइन एवं नल की समुचित व्यवस्था भी की गई है। इससे भवन में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात 18 मार्च 2026 से भवन के रखरखाव एवं संचालन की जिम्मेदारी आधिकारिक रूप से ग्राम पंचायत सुहाव को सौंप दी गई है। पंचायत प्रशासन ने इसे ग्रामीणों के लिए उपयोगी बताते हुए कंपनी के इस प्रयास की सराहना की है।
ग्राम पंचायत सुहाव के सरपंच लक्ष्मण सिंह ठाकुर एवं सचिव कमल सिंह ठाकुर ने संयुक्त रूप से कंपनी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। सरपंच ने कहा कि माइसेम सीमेंट कंपनी द्वारा निर्मित यह सामुदायिक भवन गांव के सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा बैठकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा और ग्रामीणों को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा।
पंचायत प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि इस भवन के माध्यम से गांव में सामाजिक आयोजनों, ग्राम सभाओं तथा सामुदायिक बैठकों का आयोजन सुगमता से किया जा सकेगा। साथ ही ग्रामीणों ने भी कंपनी के इस सराहनीय कार्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
ग्रामीणों ने कहा कि यह सामुदायिक भवन भविष्य में होने वाले सामाजिक कार्यक्रमों, प्रशिक्षण, बैठकों और जनहित गतिविधियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। प्रशस्ति पत्र में भी भवन के निर्माण को संतोषजनक एवं व्यवस्थित बताते हुए कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।
