दमोह। जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कथित कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। स्थिति स्पष्ट करने के लिए प्रशासन द्वारा जिले भर के विभिन्न पेट्रोल पंपों से फोटो और वीडियो लगातार जारी किए जा रहे हैं, जिनमें सामान्य रूप से ईंधन वितरण और पर्याप्त स्टॉक की स्थिति दिखाई दे रही है। प्रशासन का उद्देश्य लोगों में भरोसा बनाए रखना और अनावश्यक घबराहट को रोकना है।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों को नियमित रूप से आपूर्ति मिल रही है तथा संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू है।

हालांकि नगर के कुछ पेट्रोल पंपों पर अफवाहों के चलते अचानक भीड़ देखी जा रही है। कई स्थानों पर लोग वाहनों के साथ-साथ कंटेनर लेकर भी पहुंच रहे हैं और अतिरिक्त मात्रा में ईंधन भरवाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार की अनावश्यक खरीदारी और भंडारण से अस्थायी रूप से मांग बढ़ जाती है, जिससे कुछ स्थानों पर दबाव की स्थिति बनती दिखाई देती है, जबकि वास्तविकता में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
सूत्रों के अनुसार सोशल मीडिया पर लगातार भ्रामक संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बन रही है। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और भ्रम फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी पैदा करने, कालाबाजारी करने या अवैध भंडारण करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने यह भी चेतावनी दी कि पेट्रोल-डीजल को कंटेनरों में बड़ी मात्रा में संग्रह करना नियमों के विरुद्ध है। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार ईंधन का भंडारण करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण करें और स्थिति सामान्य बनाए रखें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें, आवश्यकतानुसार ही ईंधन लें और किसी भी अपुष्ट जानकारी को आगे न बढ़ाएं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में ईंधन और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
