लंबे समय से किश्तों का इंतजार कर रहे पात्र हितग्राहियों को मिली राहत, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के प्रयासों से आवास निर्माण को मिलेगी गति
दमोह, 3 नवंबर 2026 दीपावली का पर्व प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों के लिए इस बार नई खुशियां लेकर आने वाला है। लंबे समय से आवास निर्माण की किश्तों का इंतजार कर रहे हितग्राहियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रुकी हुई राशि प्राप्त हो गई है और जल्द ही पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में राशि पहुंचना प्रारंभ हो जाएगा। इससे अधूरे पड़े आवासों के निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।
जिले में लंबे समय से प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों द्वारा किश्तें नहीं मिलने की शिकायतें की जा रही थीं। कई हितग्राहियों के आवास निर्माण का कार्य राशि के अभाव में अधूरा पड़ा हुआ था। कहीं मकान की दीवारें खड़ी थीं तो कहीं छत डालने का काम अटका हुआ था। ऐसे में गरीब परिवारों को अपने पक्के मकान का सपना पूरा करने के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने शासन स्तर पर लगातार पत्राचार किया। इसके साथ ही दूरभाष के माध्यम से संबंधित उच्च अधिकारियों से संपर्क कर पात्र हितग्राहियों की समस्याओं से अवगत कराया गया। प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए गए कि जिन हितग्राहियों की किश्तें लंबित हैं, उन्हें जल्द से जल्द राशि उपलब्ध कराई जाए।कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जो राशि रुकी हुई थी, वह अब प्राप्त हो गई है। जल्द ही पात्र हितग्राहियों के खातों में राशि पहुंचना प्रारंभ हो जाएगी। इससे लंबे समय से अधूरे पड़े आवासों का निर्माण पूरा करने में हितग्राहियों को सहायता मिलेगी।
हितग्राहियों से राशि मांगने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर हितग्राहियों से अवैध रूप से राशि वसूलने की शिकायतों को लेकर भी कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया है।एक प्रश्न के उत्तर में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने स्वीकार किया कि कुछ लोग हितग्राहियों को बरगलाकर उनसे पैसे वसूल लेते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को शासन की ओर से निर्धारित सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। इस योजना के अंतर्गत किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की राशि देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति आवास की किश्त दिलाने, नाम सूची में जुड़वाने, आवास स्वीकृत कराने अथवा अन्य किसी बहाने से पैसे की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तत्काल प्रशासन से की जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हितग्राहियों से पैसे की मांग करने वाले लोगों के विरुद्ध शिकायत मिलने पर जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की आवश्यकता है, जो सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर गरीब परिवारों को गुमराह करते हैं।
अधूरे मकानों को पूरा करने की उम्मीद
प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराना है। लेकिन किश्तें समय पर नहीं मिलने के कारण कई परिवारों के मकान अधूरे रह जाते हैं। निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमतों और मजदूरी के खर्च के बीच किश्तों का इंतजार करना हितग्राहियों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।ऐसे में रुकी हुई राशि का प्राप्त होना जिले के पात्र हितग्राहियों के लिए राहत का विषय है। दीपावली के अवसर पर राशि खातों में पहुंचने से अनेक परिवारों को अपने अधूरे आवास का निर्माण आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने हितग्राहियों को आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें और यदि कोई राशि मांगता है तो उसकी शिकायत तत्काल करें।अब देखना होगा कि प्राप्त राशि कितनी तेजी से पात्र हितग्राहियों के खातों तक पहुंचती है और लंबे समय से अधूरे पड़े आवासों का निर्माण दीपावली के बाद कितनी गति से पूरा हो पाता है।
