दमोह / लोकनाथ न्यूज मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने मानवता और राजनीति, दोनों को शर्मसार कर दिया है। जिले के मगरोन थाना क्षेत्र में एक 50 वर्षीय भाजपा समर्थित जनपद सदस्य पर 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। हैवानियत का खुलासा तब हुआ जब मासूम के पेट में दर्द उठा और डॉक्टरी जांच में वह 5 माह की गर्भवती पाई गई।
5 महीने तक सीने में दबाए रखा दर्द
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता कक्षा आठवीं की छात्रा है। आरोप है कि फतेहपुर क्षेत्र के जनपद सदस्य और भाजपा नेता कुदन आदिवासी ने करीब पांच महीने पहले इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था। लोकलाज और डर के कारण मासूम ने यह बात किसी को नहीं बताई। लेकिन बुधवार को जब अचानक उसके पेट में तेज दर्द शुरू हुआ, तो परिजनों के पूछने पर उसने अपनी आपबीती सुनाई।
जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मगरोन थाने पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता को तत्काल दमोह महिला थाने भेजा। जिला अस्पताल में हुए मेडिकल चेकअप में 5 माह के गर्भ की पुष्टि होने के बाद, डॉक्टरों ने नाबालिग की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
आरोपी की उम्र 50 वर्ष, खुद है दादा-नाना
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी कुदन आदिवासी की उम्र करीब 50 साल है। वह शादीशुदा है और उसके बेटों के भी बच्चे हो चुके हैं। इस उम्र में और जिम्मेदार पद पर होने के बावजूद उसने अपनी पोती की उम्र की बच्ची के साथ यह शर्मनाक कृत्य किया, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश है।
पुलिस की कार्रवाई: पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि:”पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, आरोपी फिलहाल फरार है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
