दमोह/मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेशभर में शुरू किए गए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का दमोह जिले में औपचारिक शुभारंभ शुक्रवार को जनपद पंचायत जबेरा के मंगल भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा दमोह जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न हितग्राही योजनाओं के अंतर्गत पात्र लोगों को स्वीकृति पत्र एवं लाभों का वितरण भी किया गया। वक्ताओं ने अभियान को शासन और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने वाला ऐतिहासिक प्रयास बताते हुए अधिकारियों को गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान केवल सरकारी औपचारिकता नहीं बल्कि लोक कल्याण का व्यापक अभियान है। इसका मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इतने लंबे समय तक चलने वाला यह पहला अभियान है, जो जनवरी 2027 तक निरंतर संचालित रहेगा।
उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक शुक्रवार को प्रशासनिक अमला गांवों में पहुंचेगा, आमजन से सीधा संवाद करेगा और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करेगा। राजस्व संबंधी नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अतिक्रमण जैसी समस्याओं के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का भी प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, नल-जल योजना, आंगनवाड़ी, विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा सिविल अस्पतालों की व्यवस्थाओं का भी व्यापक निरीक्षण किया जाएगा। जहां कमियां मिलेंगी वहां सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि भोपाल से लेकर जिला स्तर तक अधिकारी स्वयं गांवों में पहुंचकर वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन की सच्चाई सामने आएगी और जनता का शासन-प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा।
राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सोच है कि अधिकारी अपने कार्यालयों से निकलकर सीधे जनता के बीच पहुंचें। मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को फील्ड दिवस घोषित किया गया है, जिसके अंतर्गत अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान जनवरी 2027 तक चलेगा। यह अभियान शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ शिकायतों के शत-प्रतिशत निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। सरकार हर व्यक्ति की समस्या का समाधान पूरी गंभीरता से करेगी।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि योजनाओं की वास्तविक स्थिति केवल कार्यालयों में बैठकर नहीं जानी जा सकती। इसके लिए अधिकारियों को गांवों में पहुंचना होगा और लोगों से सीधे संवाद करना होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी के चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी अधिकारी नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे, योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। अभियान के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और समन्वय को मजबूत किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शुरू किया गया जन-विश्वास अभियान प्रदेश में सुशासन और जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि जनविश्वास को सिद्ध और सार्थक बनाना है।
उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर सड़क, पेयजल, नाली, भूमि पट्टों सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत मृतक आश्रित परिवारों को दो-दो लाख रुपये के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु एक लाख बीस हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत बालिकाओं तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पात्र हितग्राहियों को भी लाभ वितरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अजय सिंघई एवं जुगल शर्मा ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
