दमोह/आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से दमोह जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का व्यापक आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान जिला, तहसील, जनपद और ग्राम स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी तैयारियों को लेकर सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा दमोह जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी, आनंद विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) , मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, हटा विधायक उमादेवी खटीक, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, वनमंडलाधिकारी ईश्वर जरांडे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्य की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि तहसील, जनपद और ग्राम स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें सहभागी बन सकें।
उन्होंने विशेष रूप से 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली वृहद तिरंगा यात्रा में नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी जितनी अधिक होगी, अभियान उतना ही सफल और प्रेरणादायी बनेगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे ने बताया कि 13 अगस्त को तहसील मैदान से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में स्कूल एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठन तथा आम नागरिक शामिल होंगे। यात्रा के दौरान पुलिस बैंड देशभक्ति की धुनों के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत करेगा।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर भी 13 अगस्त को तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे अभियान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचे।
अभियान के अंतर्गत 12 अगस्त को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में तिरंगा कंसर्ट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके अलावा तिरंगा निर्माण प्रतियोगिता, चित्रकला, निबंध, भाषण एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।
14 अगस्त को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में तिरंगा दौड़ आयोजित होगी। इस दौड़ का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना है।
अभियान के दौरान जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक भवनों, नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। साथ ही प्रत्येक नागरिक से अपने घर पर तिरंगा लगाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों का पालन करते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई है।
बैठक में अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय कीं तथा विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्णय लिया।
