दमोह/ कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा सामाजिक एकता और परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 20 अप्रैल 2026, सोमवार को लक्ष्मण कुटी धाम में सामूहिक आदर्श विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में समाज के लगभग 25 से 51 वर-वधु जोड़ों के विवाह संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन को लेकर समाज के पदाधिकारियों और गणमान्यजनों की बैठक आयोजित कर विस्तृत चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में सामूहिक विवाह सम्मेलन की परंपरा कई वर्षों पूर्व कुर्मी क्षत्रिय समाज जिला दमोह द्वारा प्रारंभ की गई थी। इस सामाजिक पहल ने न केवल समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा दिया, बल्कि सरकारों ने भी इस मॉडल का अनुसरण करते हुए मुख्यमंत्री कन्यादान जैसी योजनाओं को लागू किया, जो आज गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए कारगर साबित हो रही हैं। समाजजन ने इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी सामूहिक आदर्श विवाह सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है।
समाज के जिलाध्यक्ष चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु श्री सुखनंदन पटेल (पार्लर वाले) को आयोजन का संयोजक नियुक्त किया, जिस पर उपस्थित सभी सदस्यों ने सहमति जताई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विवाह सम्मेलन के सभी कार्यक्रम रात्रि में आयोजित किए जाएंगे तथा आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां समाज के पदाधिकारियों को सौंपी जाएंगी।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष शिवचरण पटेल, लीलाधर पटेल, आचार्य रंजन पटेल, बटियागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल, चतन पटेल, गंगाराम पटेल (कुशालपुर), भारत पटेल (पटेरा), राम लखन पटेल, गोवर्धन पटेल, पूर्व अध्यक्ष अशोक पटेल, लकी पटेल, उदयभान पटेल, जनपद उपाध्यक्ष पथरिया खिलान पटवारी, पुरुषोत्तम पटेल (परबसपुरा), बृजेश पटेल, नरोत्तम पटेल (सीतानगर), डीपी पटेल (समन्ना), दयाराम पटेल सरपंच ढिगसर, द्वारका पटेल, घनश्याम पटेल, बालमुकुंद पटेल, मोहन पटेल, मस्तराम पटेल, गणेश पटेल सहित जिले के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
बैठक में समाजजनों ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एकता को मजबूत करना, विवाह में अनावश्यक खर्च पर रोक लगाना और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान करना है। साथ ही वर्षों से चली आ रही समाज की इस परंपरा को निरंतर बनाए रखना भी इस आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है।
कार्यक्रम का संचालन जनपद सदस्य नरेश पटेल ने किया। बैठक के अंत में समाज के सभी पदाधिकारियों और उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
