सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और युवाओं ने लगाई एकता की दौड़; विजेताओं एवं उत्कृष्ट योगदान देने वालों का हुआ सम्मान

दमोह। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में दमोह पुलिस द्वारा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम एवं ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ का आयोजन किया गया। ‘एकता की दौड़, एक मजबूत भारत के लिए’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभक्ति, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। आयोजन में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडेय की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया।
एएसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया दौड़ का शुभारंभ
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय दमोह से प्रारंभ होकर जटाशंकर, बेलाताल और कोतवाली चौराहा होते हुए वापस पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।दौड़ में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और मजबूत भारत के निर्माण का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे, एडीएम राजेश मोहन त्रिपाठी, एसडीएम संजय दुबे, एसडीएम पथरिया एन.के. चौरसिया, डिप्टी कलेक्टर ब्रजेश सिंह, जिला जनसंपर्क अधिकारी वाई.ए. कुरैशी, तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी, भाजपा महामंत्री महेश पटेल एवं सीएमएचओ डॉ. राकेश राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।पुलिस विभाग की ओर से कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, रक्षित निरीक्षक राघवेंद्र सिंह, यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को, निरीक्षक आकांक्षा जोशी, उप निरीक्षक वीरेंद्र श्रीवास्तव, प्रियंका पटेल, विक्रम दांगी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
रन फॉर यूनिटी के विजेताओं और पुलिसकर्मियों का सम्मान
दौड़ के समापन के उपरांत विभिन्न श्रेणियों में अव्वल आने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ‘जनसुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम’ में विशेष योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। ‘रन फॉर यूनिटी’ के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया।इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल दौड़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से नई पीढ़ी को देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।
