देहात थाना पुलिस की कार्रवाई, जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये; नशे के कारोबार से जुड़े स्रोतों की तलाश में जुटी पुलिस
दमोह। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दमोह देहात थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 7 किलो 273 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर आरोपी महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के नेतृत्व में दमोह देहात थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को सागरनाका पुलिस चौकी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने सरदार पटेल ब्रिज के नीचे, सतखड़िया सरकारी कुआं के सामने दमोह में संदेही महिला को पकड़ लिया।पूछताछ एवं तलाशी के दौरान महिला की पहचान ज्योति पति जिनेश जैन, उम्र 30 वर्ष, निवासी आभाना, थाना नोहटा, जिला दमोह के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7 किलो 273 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने गांजे को विधिवत जब्त कर महिला आरोपी ज्योति जैन को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना दमोह देहात में अपराध क्रमांक 787/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के पास इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से आया था तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मादक पदार्थ के स्रोत, संभावित आपूर्ति नेटवर्क और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी सघन जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र उपाध्याय, उप निरीक्षक विक्रम दांगी, प्रधान आरक्षक 167 नीरज श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक 541 रामकुमार, प्रधान आरक्षक 803 सत्येंद्र, प्रधान आरक्षक 625 नरेंद्र पांडे, महिला प्रधान आरक्षक 722 स्वाति शुक्ला, आरक्षक 283 योगेंद्र एवं महिला सैनिक 218 गीता पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।दमोह पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
