दमोह। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कथित कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों और अचानक बढ़ी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार कोचर के निर्देश पर अपर कलेक्टर एवं नगर दंडाधिकारी मीना मसराम द्वारा ईंधन की निर्बाध आपूर्ति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
ईंधन वितरण के लिए अधिकतम सीमा तय
आम नागरिकों को समान रूप से ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने प्रति वाहन ईंधन बिक्री की अधिकतम सीमा तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है—
- 🛵 दोपहिया वाहन: अधिकतम ₹500 तक का पेट्रोल
- 🛺 तीन पहिया वाहन: अधिकतम ₹1,000 तक का ईंधन
- 🚗 चार पहिया (कार): अधिकतम ₹2,000 तक का ईंधन
- 🚛 भारी/मालवाहक/यात्री वाहन: अधिकतम ₹5,000 तक का डीजल/ईंधन
प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था अस्थायी रूप से लागू की गई है, ताकि कृत्रिम मांग और अनावश्यक भंडारण पर रोक लगाई जा सके।
अफवाह फैलाने वालों पर आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई
जारी आदेश में कहा गया है कि व्हाट्सएप, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर ईंधन की कमी से संबंधित भ्रामक खबरें फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मुनादी और जनजागरूकता के माध्यम से लोगों को बताएं कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है।
कालाबाजारी और ‘नो स्टॉक’ पर सख्त निगरानी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि—
- निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने पर कार्रवाई होगी
- जानबूझकर स्टॉक छिपाने या ‘नो स्टॉक’ घोषित करने पर एफआईआर दर्ज होगी
- संबंधित पेट्रोल पंप या एजेंसी को सील भी किया जा सकता है
- सभी पंपों को न्यूनतम 1000 लीटर पेट्रोल और 3000 लीटर डीजल का रिजर्व स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं
सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अधिक भीड़ वाले पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा—
- 🚨 24×7 निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वाड गठित
- ☎️ शिकायत के लिए जिला कंट्रोल रूम नंबर 350300 जारी
- ⏱️ शिकायतों का 2 घंटे में निराकरण
- 👮 एसडीएम, तहसीलदार व खाद्य अधिकारी करेंगे नियमित निरीक्षण
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आवश्यकतानुसार ही ईंधन लें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
