दतिया, 17 जुलाई 2026/दतिया विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को अपने चुनावी अभियान को और धार देते हुए मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने दतिया स्थित होटल प्राक्षी में बनाए गए मीडिया एवं सोशल मीडिया सेंटर का उद्घाटन किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर चुनावी रणनीति और प्रभावी संवाद पर चर्चा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, जनसंघ के संगठन शिल्पी कुशाभाऊ ठाकरे तथा भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
चुनावी संवाद का प्रमुख केंद्र बनेगा मीडिया सेंटर
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दतिया उपचुनाव के लिए स्थापित मीडिया एवं सोशल मीडिया सेंटर केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि संगठन, मीडिया और आम जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पत्रकारों को प्रमाणिक और समय पर जानकारी उपलब्ध कराना, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की गतिविधियों को तथ्यात्मक रूप से जनता तक पहुंचाना इस सेंटर का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और भारतीय जनता पार्टी हमेशा निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता का सम्मान करती है।
डिजिटल युग में सोशल मीडिया की बढ़ी जिम्मेदारी
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंपर्क और जनसंवाद का सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। सूचना तेजी से लोगों तक पहुंचती है, लेकिन इसके साथ भ्रामक खबरों और गलत सूचनाओं की चुनौती भी बढ़ी है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी है कि वे केवल सत्य और प्रमाणिक जानकारी ही जनता तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और वही सरकार की योजनाओं तथा पार्टी की विचारधारा को बूथ स्तर तक पहुंचाने का कार्य करता है।
डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाएगी भाजपा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और मध्यप्रदेश की डबल इंजन सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के हर वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। पार्टी इन्हीं विकास कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा और पार्टी मजबूत जीत दर्ज करेगी।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से किया संवाद
उद्घाटन के बाद आयोजित बैठक में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से चुनाव प्रचार, डिजिटल अभियान और जनसंपर्क को लेकर चर्चा की गई। नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से सकारात्मक, तथ्यात्मक और जिम्मेदार संवाद पर जोर दिया।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, प्रदेश सोशल मीडिया विभाग के संयोजक सुयश त्यागी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया, राजलखन सिंह, सोशल मीडिया संभाग प्रभारी आयुष सुरेश शर्मा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पत्रकार और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स मौजूद रहे।
