29 से 31 मार्च तक MLB स्कूल में पुस्तक मेला, एमपी पाठ्यपुस्तक निगम की किताबें सस्ती दरों पर उपलब्ध
दमोह, 28 मार्च 2026। विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा 29 मार्च से एमएलबी स्कूल परिसर में तीन दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि यह पुस्तक मेला 29, 30 और 31 मार्च तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से आयोजित होगा। आवश्यकता होने पर मेले की अवधि 1 अप्रैल तक भी बढ़ाई जा सकती है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ ले सकें।कलेक्टर कोचर ने बताया कि पुस्तक मेले की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इस बार मेले में दो विशेष आकर्षण जोड़े गए हैं, जो विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहेंगे। इनमें पहला आकर्षण मध्य प्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम का स्टॉल होगा, जहां एमपी बोर्ड की पाठ्यपुस्तकें सस्ती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। पाठ्यपुस्तक निगम के अधिकारी भी मेले में उपस्थित रहेंगे और विद्यार्थियों को आवश्यक किताबें उपलब्ध कराएंगे।उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूलों तथा माध्यमिक शिक्षा मंडल से अध्ययनरत विद्यार्थियों को यहां एक ही स्थान पर आवश्यक किताबें मिल जाएंगी, जिससे अभिभावकों को बाजार में भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें आर्थिक राहत भी मिलेगी।
‘बुक बैंक’ बनेगा सामाजिक सहयोग का माध्यम
कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि इस बार पुस्तक मेले में ‘बुक बैंक’ नाम से एक विशेष स्टॉल लगाया जाएगा। इस स्टॉल के माध्यम से लोग अपने बच्चों की पुरानी किताबें दान कर सकेंगे। दान में प्राप्त पुस्तकों को व्यवस्थित रूप से संकलित कर जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को वितरित किया जाएगा।उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जब भी वे पुस्तक मेले में आएं, तो अपने बच्चों की पुरानी किताबें साथ लेकर आएं। यदि बच्चे ने किसी कक्षा की किताब का उपयोग कर लिया है और आगे उसकी जरूरत नहीं है, तो उसे बुक बैंक में दान किया जा सकता है।
KG से 12वीं तक की किताबें दान करने की अपील
कलेक्टर ने कहा कि केजी-1, केजी-2 से लेकर कक्षा 12वीं तक की किसी भी विषय की किताबें बुक बैंक में जमा की जा सकती हैं। यह पहल जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी और शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देगी।उन्होंने कहा कि एक बच्चे की पुरानी किताब दूसरे बच्चे के लिए नई उम्मीद बन सकती है। इसलिए जिले के सभी नागरिक इस अभियान में सहभागी बनें और शिक्षा को बढ़ावा देने में सहयोग करें।जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं नागरिकों से पुस्तक मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने और बुक बैंक में पुस्तक दान कर इस पहल को सफल बनाने की अपील की है।
