‘संकल्प से समाधान’ अभियान के जिला स्तरीय शिविर में 75 हजार से अधिक प्रकरणों का निराकरण

दमोह, 06 अप्रैल 2026/सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करते हुए ‘देश प्रथम’ के सिद्धांत को प्राथमिकता दे रही है। ‘संकल्प से समाधान’ अभियान आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी पहल साबित हुआ है। प्रशासन स्वयं लोगों के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहा है, जिससे नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे। यह विचार संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने शासकीय पीएम श्री पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में व्यक्त किए। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुआ।इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर तथा जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे मंचासीन रहे।
राज्यमंत्री लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही हैं। बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 21 वर्ष की आयु पर 1.18 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है, वहीं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत विवाह के समय 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाती है। इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक सहयोग के साथ समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि ‘संकल्प से समाधान’ अभियान जनता के लिए वरदान साबित हो रहा है। इसके माध्यम से सरकार सीधे नागरिकों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने, हर घर जल उपलब्ध कराने और किसानों को सिंचाई सुविधा देने के लिए निरंतर कार्य जारी है।
दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा विस्तार हुआ है। पहले गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन अब भोपाल में एम्स खुलने से प्रदेशवासियों को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि देश में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और नि:शुल्क राशन योजना का उद्देश्य उन्हें पुनः गरीबी में जाने से रोकना है। जिले में सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार से खेती का रकबा बढ़ा है और किसानों की आय में भी वृद्धि हुई है।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व पर बल देते हुए अभिभावकों से बच्चों में सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की अपील की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह भी किया।कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यार्थियों को ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम अंतर्गत पुस्तकें और साइकिलें वितरित की गईं। शिविर स्थल पर रक्तदान शिविर, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर तथा हितग्राहियों के पंजीयन काउंटर की व्यवस्था की गई थी। स्वास्थ्य शिविर में विधायक मलैया ने भी रक्तचाप की जांच कराई और लोगों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की।
75 हजार से अधिक आवेदन स्वीकृत
संकल्प से समाधान अभियान के तीन चरणों में कुल 76,414 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 62,333 ग्रामीण और 14,081 शहरी क्षेत्र से थे। सभी आवेदनों का निराकरण करते हुए 75,524 आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि 890 आवेदन अपात्रता के कारण निरस्त हुए। पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य शासन की 106 हितग्राही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में हितलाभ वितरण
शिविर में स्वास्थ्य, श्रम, पंचायत, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को मंच से लाभ वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन विपिन चौबे ने किया तथा आभार जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे ने व्यक्त किया।
