दमोह में धूमधाम से मनाया गया भाजपा का 47वां स्थापना दिवस, हर बूथ पर लहराया भगवा ध्वज
दमोह। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस जिले भर में उत्साह, उमंग और गौरव के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय सहित सभी मंडलों और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं ने ध्वजारोहण कर स्थापना दिवस मनाया। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे के नेतृत्व में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री गोपाल पटेल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रामलाल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद पार्टी का ध्वज फहराया गया और संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की विचारधारा से प्रेरित संगठन है। “राष्ट्र प्रथम” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा विश्व का सबसे बड़ा संगठन बनी है। 6 अप्रैल 1980 को स्थापित पार्टी ने संघर्ष, समर्पण और सेवा के आधार पर लंबा सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिला सशक्तिकरण भाजपा की नीतियों के केंद्र में हैं तथा अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पार्टी का उद्देश्य है।
राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जिसकी विचारधारा भारतीय जनसंघ से विकसित हुई है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर चलते हुए संगठन समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हर कार्यकर्ता का संकल्प बताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का आग्रह किया।
विधायक जयंत मलैया ने कहा कि स्थापना दिवस आत्ममंथन और संकल्प का अवसर है। संगठन की मजबूती समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को संगठन का मार्गदर्शक बताते हुए नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ता निर्गुण खरें, कमलेश सिंघई, रवि अमुलानी, अनिल मिश्रा, आलोक गोस्वामी, अखिलेश हजारी, राकेश नायक सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया गया। साथ ही राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण भी देखा गया।
जिला महामंत्री महेश पटेल ने बताया कि जिले के सभी बूथ केंद्रों पर कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों और कार्यालयों पर पार्टी का ध्वज फहराया तथा महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर स्थापना दिवस मनाया।
