सामाजिक परिवर्तन के लिए वैचारिक मंथन आवश्यक – सुरेश सोनी
इंदौर, 06 अप्रैल 2026/इंदौर में डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति द्वारा ज्ञान, विचार और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आधुनिक ग्रंथालय “मंथन कुटीर” का शुभारंभ किया गया। सुदर्शन भवन, पंत वैद्य कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में सुरेश सोनी ने ग्रंथालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में प्रांत संघचालक डॉ. प्रकाश शास्त्री विशेष अतिथि रहे तथा अध्यक्षता ईश्वरदास हिंदूजा ने की।
उद्घाटन अवसर पर सुरेश सोनी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन केवल क्रियात्मकता से नहीं बल्कि वैचारिक मंथन से संभव होता है। पुस्तकालय समाज में विचारों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण केंद्र होता है, जहां अध्ययन और चिंतन के माध्यम से व्यक्तित्व का विकास होता है। उन्होंने कहा कि वैचारिक स्पष्टता, अध्ययन की प्रवृत्ति और संवाद की परंपरा ही किसी भी पुस्तकालय की सार्थकता सिद्ध करती है।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि “मंथन कुटीर” में देश-विदेश के प्रख्यात लेखकों की हजारों पुस्तकों का समृद्ध संग्रह उपलब्ध कराया गया है। इसमें देश, धर्म, राजनीति, इतिहास, विज्ञान, समाजशास्त्र, साहित्य सहित विविध विषयों से संबंधित महत्वपूर्ण ग्रंथ शामिल किए गए हैं। यह ग्रंथालय विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों के लिए अध्ययन एवं विचार-विमर्श का केंद्र बनेगा।
ग्रंथालय के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए मनीष नीम ने कहा कि यह केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं, बल्कि एक वैचारिक मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां आने वाले पाठक अध्ययन के साथ-साथ विचारों का आदान-प्रदान कर सकेंगे और ज्ञान के नए आयामों पर चर्चा कर सकेंगे। भविष्य में यहां व्याख्यान, संगोष्ठी, पुस्तक चर्चा और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज में बौद्धिक जागरूकता और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा मिलेगा।कार्यक्रम में समिति पदाधिकारी, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। संचालन रत्नेश दुबे ने किया।
