नामांतरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण संबंधी आवेदनों पर प्रशासन ने दिखाई तत्परता
दमोह, 09 जून। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के कक्ष क्रमांक-10 (व्यारमा) में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 293 आवेदनों पर सुनवाई की गई तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, सामाजिक न्याय, पंचायत, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, पेंशन, नामांतरण, अतिक्रमण, दिव्यांगजन सहायता तथा अन्य विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो।
कार्यक्रम के दौरान आधार से संबंधित सेवाओं की भी व्यवस्था की गई, जिसमें 15 नागरिकों के आधार अपडेशन का कार्य मौके पर ही संपन्न कराया गया। इससे दूरदराज क्षेत्रों से आए लोगों को तत्काल राहत मिली और उन्हें अलग से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
लुहारी निवासी महिला को मिला त्वरित समाधान
जनसुनवाई के दौरान ग्राम लुहारी निवासी निशागती साहू ने अपने पति स्वर्गीय हीरालाल साहू के निधन के बाद फौती नामांतरण कराने में आ रही कठिनाइयों से कलेक्टर को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि लोक सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन दर्ज कराने में तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याओं के कारण कार्य नहीं हो पा रहा था।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही प्रकरण का परीक्षण किया गया और आवेदिका का आवेदन लोक सेवा केंद्र पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया। इसके साथ ही नामांतरण की आगे की प्रक्रिया प्रारंभ हो सकी, जिससे आवेदिका को राहत मिली।
दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंदों के मामलों पर विशेष ध्यान
जनसुनवाई में दिव्यांग प्रमाण पत्र, सहायक उपकरण उपलब्ध कराने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व प्रकरणों तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
अधिकारी रहे उपस्थित
जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, अपर कलेक्टर मीना मसराम, डिप्टी कलेक्टर आर.एल. बागरी, डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति, लोक सेवा प्रबंधक चक्रेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई की।
जिला प्रशासन के अनुसार जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत बनाना है।
