मगरोन थाना क्षेत्र में तड़के मचा हड़कंप, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शनिवार 19 सितंबर 2026 की सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। मगरोन थाना क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर में एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से अपनी पत्नी और तीन अबोध बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।प्रारंभिक पुलिस जानकारी के अनुसार घटना शनिवार तड़के करीब 4 बजे की है। ग्राम कबीरपुर निवासी द्वारका पटेल पिता कल्लू पटेल पर अपनी पत्नी खेमा पटेल उम्र 38 वर्ष तथा तीन बच्चों उर्मिला उम्र 7 वर्ष, उमेश उम्र 4 वर्ष और राजा उम्र 1 वर्ष पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप है। हमले में चारों की मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही मगरोन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
चार लोगों की मौत से गांव में पसरा सन्नाटा
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की जानकारी सामने आते ही कबीरपुर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल के आसपास एकत्रित हो गए। घटना की भयावहता से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस और एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा मौके पर पंचनामा कार्रवाई सहित अन्य वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
हत्या के पीछे क्या कारण, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसी भयावह वारदात के पीछे वजह क्या थी। पारिवारिक विवाद, आपसी कलह अथवा कोई अन्य कारण रहा है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और वारदात से जुड़ी पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। फिलहाल मगरोन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और प्रत्येक पहलू से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
