यादव महासभा के शताब्दी वर्ष पर दमोह में एकता चेतना यात्रा व मिलन समारोह, शिक्षा और एकजुटता पर जोर
दमोह। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के शताब्दी वर्ष के अवसर पर शहर के किल्लाई नाका स्थित ग्वाल बाबा मंदिर प्रांगण में एकता चेतना यात्रा एवं मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग शामिल हुए। आयोजन की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा के बिना किसी भी समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि चुनौतियों के बीच संतुलन, एकता और सकारात्मक सोच से ही बड़ी से बड़ी बाधाओं को पार किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों में लगाएं और समाज के उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने बताया कि मानवाधिकार आयोग में लंबित मामलों के निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले दो-तीन महीनों में सड़क दुर्घटना, सांप काटने, डूबने सहित अन्य घटनाओं से जुड़े लंबित भुगतान के लगभग एक करोड़ रुपये के प्रकरणों का निराकरण किया गया है, जिससे पीड़ित परिवारों को राहत मिली है।मुंगावली विधायक राव बृजेन्द्र सिंह यादव ने युवाओं को जागरूक रहने और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की बात कही। छतरपुर विधायक ललिता यादव ने महिला जागरूकता, समाज सुधार और कुरीतियों को समाप्त करने पर जोर देते हुए शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।इस दौरान वक्ताओं ने समाज में शिक्षा, कृषि और व्यवसाय को बढ़ावा देने, युवाओं को नशा व अपराध से दूर रखने तथा सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने पर बल दिया। समारोह में समाज की एकता, संगठन और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।कार्यक्रम में पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, पूर्व मंत्री हर्ष यादव, दमोह विधायक जयंत मलैया, यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव, जिला अध्यक्ष कृष्णा यादव सहित मुकेश यादव, जयपाल यादव, संजय यादव, शैलू यादव, मंजीत यादव और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।समारोह के अंत में समाज की एकता को मजबूत करने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा सामाजिक उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया।
