बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में इन दिनों लापरवाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पार्क प्रबंधन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में उमरिया-ताला रोड स्थित मगधी गेट के पास एक बाघ सड़क पार करता दिखाई दे रहा है, जबकि पर्यटक और स्थानीय लोग बीच सड़क पर वाहन रोककर उसके बेहद करीब तक पहुंचकर वीडियो बनाने में मशगूल नजर आ रहे हैं।
सड़क पर भीड़, बाघ के करीब पहुंचे लोग
बताया जा रहा है कि बाघ जैसे ही सड़क पार कर रहा था, जिप्सी और अन्य वाहन चालकों ने गाड़ियां रोक दीं। कई लोग वाहन से उतरकर पैदल ही बाघ के नजदीक पहुंचने की कोशिश करते दिखाई दिए। यह स्थिति बेहद खतरनाक रही, क्योंकि यदि बाघ भीड़ से आक्रोशित होकर हमला कर देता तो बड़ी घटना हो सकती थी।
बाघ का मूड शांत रहा, टल गई बड़ी घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाघ शांत रहा और अपने रास्ते आगे बढ़ गया। लेकिन जिस तरह लोग उसके करीब पहुंचे, उससे साफ है कि जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती थी। ऐसी स्थिति में अक्सर हमले के बाद दोष बाघ पर मढ़ दिया जाता है, जबकि असल लापरवाही इंसानों की होती है।
गर्मी में सड़क पर दिखते हैं वन्य जीव
गर्मी का मौसम शुरू होते ही पार्क क्षेत्र में बाघ सहित अन्य वन्य जीव पानी और आवागमन के लिए सड़कों पर दिखाई देते हैं। इसी दौरान कई पर्यटक वाहन रोककर फोटो-वीडियो बनाने लगते हैं, जिससे वन्य जीव तनाव में आकर आक्रामक हो सकते हैं और अप्रिय घटनाएं घट जाती हैं।
पार्क प्रबंधन की भूमिका पर उठे सवाल
घटना के दौरान मौके पर पार्क प्रबंधन का कोई जिम्मेदार कर्मचारी दिखाई नहीं दिया। न तो वाहनों को नियंत्रित किया गया और न ही लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी गई। इससे साफ है कि संवेदनशील क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ती नजर आ रही है।विशेषज्ञों का कहना है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही न केवल पर्यटकों की जान जोखिम में डालती है, बल्कि वन्य जीवों के व्यवहार पर भी नकारात्मक असर डालती है। यदि समय रहते सख्ती नहीं की गई तो भविष्य में गंभीर हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
