इंदौर/कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार देर रात अचानक कंजर डेरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ छापेमारी की। पुलिस की टीमों के अचानक पहुंचते ही डेरों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान पुरुष पहाड़ियों की ओर भाग निकले और महिलाओं को आगे कर दिया। पुलिस ने करीब तीन घंटे तक पूरे इलाके का चप्पे-चप्पे पर सर्च अभियान चलाया और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।जानकारी के अनुसार एसीपी रुबिना मिजवानी के नेतृत्व में तुकोगंज, बाणगंगा और हीरानगर थानों के करीब 45 पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने रात करीब डेढ़ बजे देवास के दानीघाटी स्थित डेरों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस पहले से ही डेरों में रहने वाले संदिग्ध बदमाशों की जानकारी जुटाकर पहुंची थी और स्थानीय पुलिस को भी सहयोग के लिए साथ लिया गया था।
पुलिसकर्मी बाइक और कारों से डेरों तक पहुंचे, लेकिन दबिश की भनक लगते ही कई पुरुष मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने घर-घर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान संदिग्ध अवस्था में खड़े 20 दोपहिया वाहनों को जब्त किया गया। इन वाहनों के दस्तावेजों और उपयोग की भी जांच की जा रही है।जांच के दौरान पुलिस को कई चौंकाने वाले तथ्य भी मिले। लूट, चोरी और ट्रक कटिंग जैसी घटनाओं में संलिप्त संदिग्धों के यहां पक्के और आलिशान मकान बने हुए पाए गए। कई घरों में एलसीडी टीवी, फ्रिज और एसी जैसे महंगे सामान लगे मिले। पुलिस से बचने के लिए मकानों के पीछे बड़ी खिड़कियां बनाई गई थीं, जिससे मौके पर भाग निकलने की सुविधा मिल सके।
कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से बहस और हुज्जत भी की। वहीं कई घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, ताकि पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और बाद में शिकायत की जा सके। पुलिस ने इन कैमरों की रिकॉर्डिंग की भी जांच शुरू कर दी है।जब्त किए गए वाहनों में कई दोपहिया ऐसे भी बताए जा रहे हैं, जो थानों से नीलामी के माध्यम से खरीदे गए थे। इन वाहनों पर इस्तगाशा नंबर तक अंकित पाए गए। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इन वाहनों का उपयोग किन गतिविधियों में किया जा रहा था।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। देर रात की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि ऐसे डेरों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर फिर से सर्च अभियान चलाया जाएगा।
