प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार; प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर
दमोह, बुधवार 1 जुलाई। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के तेंदूखेड़ा से बुधवार सुबह एक दुखद समाचार सामने आया। तेंदूखेड़ा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) मनीष बागरी का उनके शासकीय आवास पर निधन हो गया। उन्हें अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगभग 42 वर्षीय मनीष बागरी मंगलवार रात भोजन करने के बाद अपने शासकीय आवास पर विश्राम करने चले गए थे। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे तक जब वे कमरे से बाहर नहीं आए तो कर्मचारियों को चिंता हुई। कर्मचारियों ने कमरे में पहुंचकर देखा तो वे अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तत्काल तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार फिलहाल मृत्यु के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक स्तर पर हृदयाघात (हार्ट अटैक) की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मृत्यु के कारणों की पुष्टि के लिए शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस सभी आवश्यक तथ्यों की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मनीष बागरी के परिजन जबलपुर से तेंदूखेड़ा पहुंच गए। पुलिस ने शासकीय आवास का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
मूल रूप से जबलपुर निवासी मनीष बागरी सामान्यतः जबलपुर से तेंदूखेड़ा अप-डाउन करते थे, लेकिन मंगलवार रात वे शासकीय आवास पर ही रुके थे। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों में शोक व्याप्त हो गया।
मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मनीष बागरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। वहीं जबेरा विधायक एवं मध्य प्रदेश सरकार के पर्यटन, संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी तेंदूखेड़ा स्थित शासकीय आवास पहुंचे और दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों पर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
लोकनाथ न्यूज़ परिवार दिवंगत मनीष बागरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
