छिंदवाड़ा, 29 मार्च 2026 (रविवार)। जिले में अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को खनिज विभाग की टीम ने परासिया क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए पेंच नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की हैं। इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर हरेंद्र नारायण के मार्गदर्शन में खनिज विभाग छिंदवाड़ा की टीम ने परासिया क्षेत्र अंतर्गत चरईकला में अचानक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान पेंच नदी के किनारे बिना अनुमति रेत का उत्खनन किया जा रहा था। मौके पर मौजूद दो ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से रेत भरी हुई पाई गई।
खनिज विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से भाग निकले, जिनकी पहचान की जा रही है। विभाग द्वारा वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की गई, जिसमें वैध खनन अनुमति नहीं पाई गई।जप्त किए गए दोनों वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना बड़कुही की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण तैयार किया जा रहा है, जिसे माननीय कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नदी घाटों पर टीमों को सक्रिय किया गया है तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
