छिंदवाड़ा/परासिया। छिंदवाड़ा जिले के परासिया निवासी ऋषभ सिंह दीक्षित ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) 2023 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उनका चयन माइनिंग इंस्पेक्टर के पद पर हुआ है। उन्हें शिवपुरी जिले में पदस्थापना मिली है।एमपी पीएससी द्वारा आयोजित माइनिंग इंस्पेक्टर परीक्षा में ऋषभ सिंह दीक्षित ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 500 में से 339 अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि को परासिया सहित पूरे छिंदवाड़ा जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
ऋषभ सिंह दीक्षित, परासिया निवासी श्री सुदीप सिंह दीक्षित एवं श्रीमती सुनीता सिंह दीक्षित के सुपुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा परासिया में ही हुई। इसके बाद उन्होंने बी.ई. (माइनिंग) की पढ़ाई आरजीपीवी से पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी और लगातार मेहनत व समर्पण के बल पर यह सफलता हासिल की।हाल ही में जाम सांवली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। यह पल ऋषभ और उनके परिवार के लिए बेहद गौरवपूर्ण रहा। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और परिजनों व शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी।ऋषभ की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे परासिया क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है। उनका कहना है कि मेहनत, लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से सफलता जरूर मिलती है, जिसका उदाहरण ऋषभ सिंह दीक्षित ने प्रस्तुत किया है
