डॉ. गौरव और मेडिकल टीम ने दी स्वास्थ्य सेवाएं, जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण
इमलाई (दमोह), 12 मार्च /जिले के नरसिंहगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत इमलाई में मायसेम सीमेंट संयंत्र द्वारा अपने सामाजिक दायित्व के अंतर्गत एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके गांव के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार का लाभ उठाया।ग्राम पंचायत इमलाई के विशेष अनुरोध पर आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में डॉ. गौरव एवं उनकी अनुभवी मेडिकल टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर के दौरान कुल 195 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच करने के साथ ही उन्हें आवश्यक परामर्श दिया तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।
शिविर में आए मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को बिना उपचार के वापस न जाना पड़े। ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित जांच कराने और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह भी दी गई।मायसेम सीमेंट प्रबंधन द्वारा आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कंपनी समय-समय पर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलता है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत इमलाई की सरपंच श्रीमती रामरानी अहिरवार, पंचायत सचिव संजय सिंह राजपूत, सहायक सचिव मुकेश पटेल और उपसरपंच रमेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल के लिए मायसेम सीमेंट प्रबंधन और मेडिकल टीम की सराहना की।सरपंच श्रीमती रामरानी अहिरवार ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों से गरीब और जरूरतमंद ग्रामीणों को उनके गांव के पास ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिल जाती हैं, जिससे उन्हें शहर जाने की परेशानी नहीं उठानी पड़ती। उन्होंने इस पहल के लिए कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे लोकहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।ग्रामीणों ने भी शिविर को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से गांव के लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं और कई बीमारियों की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही हो जाती है, जिससे समय रहते उपचार संभव हो पाता है।
