दमोह। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार के प्रथम दमोह आगमन पर कार्यकर्ताओं और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने जिलेभर में उनका भव्य स्वागत किया। रामनाथ पिपरिया तिगड्डा से जिले में प्रवेश के बाद वे एकलव्य विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए तथा सरदार वल्लभभाई पटेल, महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा की जिला बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, सांसद राहुल सिंह सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
