
दमोह ,16 अप्रैल 2026\जिले के दूरस्थ आदिवासी बहुल ग्राम सिंगपुर में आयोजित रात्रि चौपाल में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का आकलन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार मैदानी स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
योजनाओं की स्थिति का किया मूल्यांकन
कलेक्टर ने चौपाल के दौरान ग्रामीणों से शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन वितरण और राजस्व मामलों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूलों में शिक्षक नियमित आ रहे हैं, राशन समय पर मिल रहा है और टीकाकरण कार्य भी सुचारु रूप से चल रहा है।आयुष्मान योजना के तहत उपचार मिलने की जानकारी भी हितग्राहियों ने साझा की।
17 आयुष्मान कार्ड बनाए, हितलाभ वितरित
शिविर के दौरान 17 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा अन्य योजनाओं के तहत हितलाभों का वितरण किया गया। आयुष्मान कार्ड से उपचार प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए।
पानी और सड़क की समस्याओं पर निर्देश
कुछ वार्डों में पानी के कम दबाव की शिकायत पर कलेक्टर ने सभी स्थानों पर पर्याप्त प्रेशर से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।वहीं सिंगपुर-नीमखेड़ा-बरियटोरा मार्ग के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार होने की जानकारी दी गई, जिससे जल्द सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
किसानों और युवाओं को योजनाओं की जानकारी
एसडीएम पथरिया ने किसानों से ई-विकास पोर्टल पर पंजीयन कराने की अपील की, जिससे उर्वरक वितरण व्यवस्थित रूप से किया जा सके।जनजातीय छात्रों के लिए संचालित योजनाओं के साथ ही पशुपालन विभाग द्वारा कड़कनाथ मुर्गी अनुदान योजना की जानकारी भी दी गई।
एक-एक ग्रामीण की सुनी समस्याएं
कलेक्टर ने चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं व्यक्तिगत रूप से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। राजस्व प्रकरणों, स्वास्थ्य सेवाओं और महिला एवं बाल विकास योजनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
पिछड़े क्षेत्रों के विकास पर जोर
कलेक्टर ने कहा कि सिंगपुर जैसे दूरस्थ और आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों का सामाजिक और आर्थिक विकास हो सके और वे मुख्यधारा से जुड़ सकें।
