पुराने कर्ज चुकाने के लिए खुद ही तोड़े घर के ताले, पुलिस पूछताछ में खुला राज; आरोपी न्यायालय में पेश
दमोह। पटेरा थाना क्षेत्र में करीब 6.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी किए जाने की कहानी वास्तव में घर के ही बेटे ने रची थी। आरोपी ने कथित रूप से अपने पुराने कर्ज और लेनदेन को चुकाने के लिए घर के ताले तोड़कर जेवरात चोरी किए और बाद में चोरी की झूठी कहानी पुलिस को बताई।पुलिस ने आरोपी 23 वर्षीय लवकुश बर्मन, निवासी पटेरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, करीब 6 लाख 50 हजार रुपये कीमत के माल तथा 2 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
17 सितंबर को दर्ज हुआ था चोरी का मामला
पुलिस के अनुसार पटेरा निवासी भागचंद्र बर्मन, उम्र 49 वर्ष, ने 17 सितंबर 2026 को थाना पटेरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर ताला तोड़ दिया और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए माल की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई थी।फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पटेरा में अपराध क्रमांक 271/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) में मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
बेटे पर हुआ संदेह, पूछताछ में खुला पूरा मामला
पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन तथा एसडीओपी हटा केपी सिंह के मार्गदर्शन में मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में जांच करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को फरियादी के बेटे लवकुश बर्मन पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने स्वयं अपने घर के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए थे। इसके बाद उसने घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी किए जाने की झूठी कहानी तैयार कर दी थी।
कर्ज चुकाने के लिए रची चोरी की साजिश
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने पुराने कर्ज और लेनदेन को चुकाने के लिए घर से जेवरात चोरी किए थे। चोरी किए गए जेवरात को बेचने की फिराक में उसने माल को छिपाकर रखा था।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये है, तथा 2 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक रचना मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र गुर्जर, उपनिरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक रूपलाल, सुरेश, सुमन यादव तथा आरक्षक बालमुकुंद एवं नितेश का विशेष योगदान रहा।पुलिस द्वारा आरोपी लवकुश बर्मन को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
