बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र का वीडियो सामने आने से लोग रोमांचित
उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र से एक अनोखी और रोमांचक घटना सामने आई है, जहां महुआ बीन रहे एक ग्रामीण के पास पहुंचे बाघ ने महुआ से भरा थैला ही मुंह में दबाया और जंगल की ओर चला गया। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीण घबराकर दूर खड़ा रह गया और बाघ को थैला लेकर जाते हुए देखता ही रह गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार घटना पनपथा बफर क्षेत्र के बंदरचुई इलाके की बताई जा रही है। ग्रामीण जंगल में महुआ बीनकर पेड़ के नीचे थैले में भरकर रख रहा था। इसी दौरान उसे झाड़ियों में हलचल सुनाई दी, जिससे वह सतर्क हो गया और सुरक्षित दूरी बनाकर खड़ा हो गया। कुछ ही क्षण बाद झाड़ियों से बाघ निकलकर पेड़ के पास पहुंचा और पहले कुछ देर आसपास का जायजा लेता रहा। इसके बाद बाघ ने पेड़ के नीचे रखे महुआ से भरे थैले को सूंघा और अचानक उसे मुंह में दबाकर धीरे-धीरे जंगल की ओर बढ़ गया।
घटना के दौरान ग्रामीण ने संयम बनाए रखा और सुरक्षित दूरी से पूरी स्थिति को देखता रहा। बताया जा रहा है कि बाघ कुछ देर तक आराम से चलता रहा और फिर झाड़ियों में ओझल हो गया। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बाघ को बेहद शांत अंदाज में थैला उठाकर ले जाते हुए देखा जा सकता है, जिससे लोग हैरान भी हैं और रोमांचित भी।स्थानीय लोगों का कहना है कि पनपथा बफर क्षेत्र में अक्सर ग्रामीण महुआ, लकड़ी और अन्य वन उपज एकत्र करने के लिए जंगल जाते हैं। ऐसे में वन्यजीवों से आमना-सामना होने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। हालांकि इस तरह बाघ द्वारा महुआ का थैला उठाकर ले जाने की घटना बेहद दुर्लभ मानी जा रही है।
वन विभाग के अनुसार क्षेत्र बफर जोन में आता है, जहां बाघों की नियमित आवाजाही रहती है। पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीण भी यहां आते-जाते रहते हैं, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन अमले ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और गश्त तेज कर दी गई है।पनपथा बफर क्षेत्र के रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद आसपास के गांवों में सूचना दी गई है और ग्रामीणों को जंगल में अकेले न जाने की सलाह दी जा रही है। महुआ बीनने या अन्य कार्य के लिए जाने वालों से समूह में जाने, शोर करते रहने और वन्यजीव दिखने पर दूरी बनाए रखने को कहा गया है।वन विभाग ने यह भी अपील की है कि जंगल क्षेत्र में भोजन सामग्री खुली न छोड़ें, क्योंकि इससे वन्यजीव आकर्षित होते हैं। किसी भी प्रकार की असामान्य गतिविधि या वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना तुरंत वन विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के लिए ग्रामीणों की सतर्कता बेहद जरूरी है।फिलहाल इस अनोखी घटना ने क्षेत्र में कौतूहल पैदा कर दिया है। बाघ का महुआ से भरा थैला लेकर जंगल में चले जाना लोगों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है और वीडियो को बड़ी संख्या में लोग देख रहे हैं।
