सांसद राहुल सिंह लोधी ने रहली विधानसभा के विभिन्न मंडलों में प्रबुद्धजनों का किया सम्मान, ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प पर किया संवाद
दमोह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत दमोह संसदीय क्षेत्र में जनसंवाद और संपर्क कार्यक्रमों को गति दी जा रही है।
इसी क्रम में दमोह संसदीय क्षेत्र के सांसद राहुल सिंह लोधी ने रहली विधानसभा क्षेत्र के गढ़ाकोटा नगर, गढ़ाकोटा ग्रामीण एवं बलेह मंडल का दौरा कर प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों और वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद राहुल सिंह लोधी ने क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित एवं समाजसेवी व्यक्तित्वों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि समाज के अनुभवी और प्रबुद्ध लोगों का मार्गदर्शन राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके अनुभव और सुझावों से समाज को नई दिशा मिलती है तथा विकास कार्यों को गति मिलती है।
सम्मानित किए गए प्रबुद्धजनों में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक पी.एल. पटैल एवं आर.आर. रावत, सेवानिवृत्त शिक्षक रामविशाल दुबे एवं सीताराम पाल, सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक डॉ. रामदास कुर्मी एवं डॉ. हरिराम पटैल, सेवानिवृत्त महाप्रबंधक राजकुमार सिंह राजपूत, सेवानिवृत्त कृषि उपज मंडी सचिव हरिराम कुर्मी, सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार पी.एल. अहिरवार, सेवानिवृत्त सेना अधिकारी अवधेश प्रताप सिंह, प्रहलाद सिंह एवं कुंवर सिंह राजपूत, सेवानिवृत्त रेंजर धीर सिंह आदिवासी तथा दरयाव सिंह मरकाम शामिल रहे।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने प्रबुद्धजनों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 12 वर्षों में विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और निर्णायक भूमिका निभाने वाला राष्ट्र बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों ने समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
सांसद ने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने प्रबुद्धजनों से अपील की कि वे केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि देश के विकास की यात्रा में युवाओं, शिक्षकों, चिकित्सकों, पूर्व सैनिकों, किसानों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता से ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला महामंत्री मितेन्द्र सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष अभिजीत सिंह, गढ़ाकोटा नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी, जनपद अध्यक्ष रहली प्रतिनिधि सुरेश कपस्या, मंडल अध्यक्ष हरिनारायण पटैल, रामकुमार लोधी, भूपेंद्र कुर्मी, कुंवर सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, प्रबुद्धजन और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत आगामी दिनों में संसदीय क्षेत्र के विभिन्न मंडलों और ग्रामों में भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और ‘विकसित भारत-2047’ के विजन को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
