दमोह। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रबुद्ध वर्ग एवं व्यापारी सम्मेलन का आयोजन पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम, दमोह में किया गया। सम्मेलन में जिले के प्रबुद्धजन, व्यापारी, उद्योगपति, चिकित्सक, अधिवक्ता, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद राहुल सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंजू कटारे, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रीति ठाकुर, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री गोपाल पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मेलन का उद्देश्य केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं और ‘विकसित भारत’ के विजन को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना तथा इस दिशा में प्रबुद्धजनों और व्यापारी वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
अपने संबोधन में सांसद राहुल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है और वैश्विक मंच पर एक आत्मनिर्भर, सक्षम एवं निर्णायक राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया है। गरीब कल्याण, किसानों के उत्थान, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्टार्टअप के अवसरों जैसी पहल ने देश के समग्र विकास को गति प्रदान की है।
सांसद राहुल सिंह ने कहा कि ‘विकसित भारत’ केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का साझा सपना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रबुद्ध वर्ग, व्यापारी समाज, युवाओं, शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में सहभागी बनने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज देश में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप समाज के प्रत्येक वर्ग में विश्वास और विकास की भावना मजबूत हुई है।
श्याम शिवहरे ने प्रबुद्धजनों एवं व्यापारियों से आग्रह किया कि वे सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और नीतियों को आमजन तक पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनके सहयोग से ही ‘विकसित भारत’ का सपना तेजी से साकार हो सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन समाज के विभिन्न वर्गों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर रहा है, जिससे विकास योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके और शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रबुद्धजनों और व्यापारियों ने भी विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। सम्मेलन में विभिन्न विषयों पर संवाद, सुझाव और विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी संजय यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अमर ठाकुर ने व्यक्त किया।
