विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती को अधिक आकर्षक बनाया जाएगा : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल
भोपाल। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भर्ती प्रक्रिया और उससे जुड़े प्रावधानों को अधिक आकर्षक बनाया जाए, ताकि योग्य और अनुभवी चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित हो सके और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त हों।बैठक में चिकित्सा महाविद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इन प्रस्तावों को सभी आवश्यक औपचारिकताओं की पूर्ति के साथ शीघ्र तैयार कर लोक सेवा आयोग की स्वीकृति के लिए भेजा जाए।
उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन चिकित्सा महाविद्यालयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए बुधनी, छतरपुर और दमोह में बन रहे चिकित्सा महाविद्यालयों के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में शैक्षणिक स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाए, ताकि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर आगामी शैक्षणिक सत्र से इन चिकित्सा महाविद्यालयों का संचालन प्रारंभ किया जा सके।बैठक में उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर बल देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि एएनएम भर्ती परीक्षा के रिक्त पदों की काउंसलिंग शीघ्र पूर्ण कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए। इससे स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सभी योजनाओं और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करते हुए आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अशोक बर्नवाल तथा आयुक्त धनराजु एस सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
