निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में 182 युवक-युवतियों का प्राथमिक चयन, 81 हितग्राहियों के ऋण प्रकरण स्वीकृत; अप्रेंटिसशिप एवं इंटर्नशिप के लिए भी पंजीयन
दमोह। मध्य प्रदेश शासन कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा कलेक्टर, जिला प्रशासन दमोह के निर्देशानुसार आज 29 सितम्बर मंगलवार को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय दमोह में युवा संगम—रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार, स्वरोजगार, अप्रेंटिसशिप एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा। युवा संगम मेले में भाग लेने के लिए कुल 518 बेरोजगार आवेदकों ने पंजीयन कराया। इनमें 362 आवेदकों ने ऑनलाइन तथा 156 आवेदकों ने ऑफलाइन पंजीयन कराया।
मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से युवक-युवतियों का प्राथमिक चयन किया गया। रोजगार के लिए कुल 182 युवक-युवतियों का प्राथमिक चयन हुआ। इनमें वर्धमान यार्न मंडीदीप भोपाल में 17, पुखराज हेल्थकेयर जबलपुर में 12, हैडलबर्ग मायसेम सीमेंट नरसिंहगढ़ दमोह में 30, भारतीय जीवन बीमा निगम दमोह में 16, टाटा मोटर्स गुजरात में 28, श्रीराम पिस्टन एंड रिंग्स राजस्थान में 43, शिवफोर्ड ग्रुप पुणे में 16 तथा मेन पावर ग्रुप सर्विसेस में 20 युवक-युवतियों का प्राथमिक चयन किया गया।
मेले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विभागों एवं बैंकिंग संस्थाओं द्वारा आवेदकों को मार्गदर्शन दिया गया। जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र द्वारा 71 तथा लीड बैंक द्वारा 10 हितग्राहियों सहित कुल 81 हितग्राहियों के प्रकरण स्वीकृत किए गए तथा ऋण राशि वितरित की गई।मध्य प्रदेश डे ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला अंत्यावसायी, आदिम जाति कल्याण विभाग, पंचायत एवं कल्याण विभाग, श्रम विभाग तथा लीड बैंक सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने मेले में उपस्थित आवेदकों को स्वरोजगार योजनाओं, ऋण सुविधाओं और उपलब्ध अवसरों के संबंध में जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
स्वास्थ्य विभाग की उमंग काउंसलर श्रीमती विधि गुप्ता द्वारा भी मेले में उपस्थित युवक-युवतियों की काउंसलिंग की गई। उनके द्वारा कुल 36 आवेदकों को परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।शासकीय आईटीआई दमोह द्वारा मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत 19, प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप के अंतर्गत 28 तथा पीएम इंटर्नशिप के लिए 5 आवेदकों का पंजीयन कराया गया। साथ ही संबंधित अभ्यर्थियों को जॉब लेटर भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत एवं कल्याण विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित आवेदकों, कंपनी प्रतिनिधियों तथा अधिकारी-कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के संबंध में जानकारी दी गई।युवा संगम मेले में रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार, अप्रेंटिसशिप, इंटर्नशिप, ऋण योजनाओं और काउंसलिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे एक ही मंच पर युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न जानकारियां और अवसर प्राप्त हुए।कार्यक्रम के अंत में प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी विवेक सोनी ने उपस्थित अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, कंपनी प्रतिनिधियों एवं आवेदकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
