उमरिया/जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पठारी में जावरा विसर्जन के दौरान काली नृत्य करते-करते एक युवक की अचानक मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। परिजनों ने इसे देवी की महिमा मानते हुए पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया।जानकारी के अनुसार 29 मार्च को गांव में जावरा विसर्जन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। हर वर्ष की तरह इस बार भी दो-तीन युवक माता काली का स्वरूप धारण कर नृत्य कर रहे थे। जुलूस जैसे ही गांव के मुख्य चौराहे पर पहुंचा, उसी दौरान काली का रूप धारण किए 38 वर्षीय राम गरीब कोल अचानक लड़खड़ाए और गिर पड़े। आसपास मौजूद युवकों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही क्षणों में उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने इसे धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए कहा कि युवक पर माता काली की महिमा आई थी और वह संभल नहीं पाया। इसी कारण उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने और पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया।नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा ने बताया कि ग्राम पठारी में जावरा विसर्जन के दौरान काली बने युवक की अचानक मौत की जानकारी मिली थी। हालांकि परिजन किसी प्रकार की कार्रवाई के लिए तैयार नहीं हुए और थाने में कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।ग्रामीणों के अनुसार मृतक के परिवार ने धार्मिक मान्यता के अनुसार अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं चिकित्सकीय दृष्टिकोण से माना जा रहा है कि युवक की मौत हार्ट अटैक या साइलेंट अटैक के कारण भी हो सकती है, लेकिन पोस्टमार्टम नहीं होने से वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका।घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और वायरल वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
