यह वारदात गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात हुई। पीड़ित अंकित रघुवंशी के घर के बाहर गुरुवार रात कीर्तन का आयोजन किया जा रहा था। परिवार के सदस्य भी आयोजन में शामिल थे। रात करीब 12 बजे अंकित, उनके पिता रामकुमार रघुवंशी और परिवार के अन्य सदस्य सोने चले गए। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसने का मौका तलाश लिया।
आशंका जताई जा रही है कि रात करीब दो से चार बजे के बीच चोर घर के पिछले हिस्से से अंदर दाखिल हुए। उन्होंने उस कमरे को निशाना बनाया, जिसमें बक्सों और सूटकेस में नकदी तथा कीमती सामान रखा हुआ था। चोरों ने कमरे का कुंदा काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी के साथ जेवरात समेटकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार की महिलाएं उठीं तो कमरे का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर चोरी का पता चला। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
इस पूरी घटना में बैंक से जुड़ा मामला भी सामने आया है। अंकित रघुवंशी के मुताबिक, उनकी फसल बेचने से मिले आठ लाख रुपये बैंक खाते में जमा थे। करीब चार महीने पहले बैंक ने किसी कारण से खाते से 1100 रुपये की पेनल्टी काट ली थी। इस कटौती से उनके पिता रामकुमार रघुवंशी नाराज हो गए। उन्होंने बैंक से पूरी रकम निकालकर घर में रखने का फैसला किया।
इसके बाद परिवार को फसल बिक्री से चार लाख रुपये की अतिरिक्त राशि मिली। इस तरह घर में रखी नकदी बढ़कर 12 लाख रुपये हो गई। परिवार इस पैसे से नया ट्रैक्टर खरीदने या प्लॉट लेने की योजना बना रहा था। लेकिन योजना पूरी होने से पहले ही चोरों ने नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
नकदी के अलावा चोर घर से पुश्तैनी सोने के आभूषण भी ले गए। इनमें सोने का हार, चेन और अंगूठियां शामिल बताई गई हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। इस तरह परिवार को कुल 22 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
चोरों ने उसी रात गांव के एक अन्य घर को भी निशाना बनाया। ग्रामीण बंधु सिंह रघुवंशी के घर से करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी किए गए। एक ही रात में दो घरों में हुई वारदात के बाद गांव में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
घटना के बाद गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। दोनों ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था और हाथों में दस्ताने पहने हुए थे। इससे आशंका है कि उन्होंने पहचान छिपाने और फिंगरप्रिंट जैसे साक्ष्य छोड़ने से बचने की तैयारी की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल चोरी गई नकदी और जेवरात की बरामदगी के साथ आरोपियों की तलाश की जा रही है।
